Φ अपना विषय खोजे

Friday, May 18, 2012


..सोणे 'सोने' से जुड़ी जानकारियां

ईटी ब्यूरो
नई दिल्ली : संपत्ति के रूप में सोने की अहमियत भारत में हमेशा ही बहुत ज्यादा रही है। भारत में सदियों से सोने को पारिवारिक प्रतिष्ठा की निशानी के तौर पर देखा जाता है। यही वजह है कि भारत दुनिया भर में सोने की सबसे ज्यादा खपत करने वाला देश है। आश्चर्यजनक तौर पर दुनिया में सोने की सबसे ज्यादा खपत करने वाले भारत में सोने का उत्पादन नहीं होता है और यहां उपभोग किया जाने वाला पूरा सोना आयात किया जाता है। सोने को लेकर भारतीय परिवारों में आज भी जबरदस्त आकर्षण है। सोने में गहरे रुझान के बावजूद इसकी शुद्धता और दूसरी ऐसी कई चीजें हैं जिनके बारे में ग्राहकों में सही जानकारी का अभाव है।

पेश हैं सोने के बारे में ऐसी ही कई अहम जानकारियां ...

क्या है कैरेट ?
कैरेट सिस्टम को किसी भी ज्वैलरी या सोने के आभूषण में मौजूद शुद्ध सोने की मात्रा जानने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। दूसरे शब्दों में , एलॉय में मौजूद सोने के हिस्से के आकलन की इकाई को कैरेट कहा जाता है। मसलन , 24 कैरेट गोल्ड को शुद्ध सोना माना जाता है। इसी तरह से अगर कोई ज्वैलरी या सोने का दूसरा आइटम 18 कैरेट का है तो इसका मतलब है कि उसमें 18 हिस्सा सोना है और 6 हिस्सा दूसरा मेटल का है। यानी कि 75 फीसदी शुद्ध सोने वाली ज्वैलरी को 18 कैरेट का माना जाता है। 22 कैरेट गोल्ड ज्वैलरी का मतलब हुआ कि इसमें 22 भाग सोना है और 2 भाग दूसरा मेटल मौजूद है। कैरेट सिस्टम में 10 कैरेट को सबसे छोटी इकाई माना जाता है। 10 कैरेट गोल्ड का मतलब हुआ कि आइटम में 10 भाग सोना है और 14 भाग दूसरे मेटल का है।

ज्वैलर्स बताते हैं कि शुद्ध सोने (24 कैरेट ) की ज्वैलरी नहीं बनाई जा सकती है। इसलिए इसमें एलॉय यानी कि दूसरे मेटल मिलाए जाते हैं। एलॉय के रूप में सोने में कॉपर और सिल्वर मिलाए जाते हैं। दरीबा बाजार के रतनचंद ज्वालानाथ ज्वैलर्स के तरुण गुप्ता के मुताबिक , ' शुद्ध सोने को गलाकर उसमें एलॉय मिलाया जाता है। जितने कैरेट की ज्वैलरी की जरूरत होती है , सोने में उसी अनुपात में एलॉय मिला दिया जाता है। एलॉय मिलाने से सोने की ज्वैलरी बनाने में मदद मिलती है क्योंकि एलॉय की वजह से सोने को अलग - अलग आकार देना मुमकिन हो पाता है। ' कीमती पत्थरों जैसे डायमंड के लिए कैरेट का मतलब उस पत्थर के वजन को दर्शाता है।

No comments:

Post a Comment